—– लोहा मंडी में 34% और ताजगंज में 42% वसूली
— — बीस प्रतिशत से भी कम वसूली पर कई कर्मियों को वेतन रोकने की चेतावनी
आगरा। राजस्व वसूली लक्ष्य के अनुरूप न होने पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। स्मार्ट सिटी के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने लोहा मंडी और ताजगंज जोन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और लक्ष्य से कम वसूली पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।
सहायक नगरआयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान वित्तीय सत्र में सबसे कम वसूली लोहा मंडी जोन में मात्र 34 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि ताजगंज जोन में लक्ष्य के सापेक्ष 42 प्रतिशत वसूली हुई है। दोनों जोनों की प्रगति अपेक्षा से कम पाए जाने पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ताजगंज जोन में तैनात टैक्स कलेक्टर सतीश और वीरेंद्र तथा राजस्व निरीक्षक रामवीर द्वारा निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 20 प्रतिशत से भी कम वसूली किए जाने पर विशेष नाराजगी व्यक्त की गई। संबंधित कर्मियों को कार्य में सुधार लाने के निर्देश देते हुए वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि टैक्स से संबंधित सभी लंबित आपत्तियों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए और राजस्व वसूली अभियान में तेजी लाई जाए।
कार्रवाई के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया गया कि ताजगंज जोन में अब तक 38 संपत्तियों पर तालाबंदी की जा चुकी है। वहीं लोहा मंडी जोन में दो बकायेदारों के बैंक खाते सीज किए गए हैं तथा 41 संपत्तियों को सील किया गया है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली नगर निगम की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने और दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


