—-ताजमहल के आसपास आवारा पशुओं को हटाने का अभियान तेज
——अमेरिकी उप राष्ट्रपति के दौरे को लेकर नगर निगम ने की सघन कार्रवाई
आगरा। अमेरिका के उपराष्ट्रपति के संभावित आगरा दौरे को देखते हुए नगर निगम आगरा ने ताजमहल परिसर और उसके आस-पास के क्षेत्रों में स्वच्छता, व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट, दशहरा घाट और ताज परिसर से मवेशियों, कुत्तों और बंदरों को हटाया जा रहा है।
नगर निगम की कुल 9 टीमें इस कार्य में जुटी हैं, जिनमें 6 टीमें मवेशी पकड़ने का कार्य कर रही हैं, जो मुख्य रूप से दशहरा घाट, पूर्वी और पश्चिमी गेट क्षेत्रों में सक्रिय हैं। ताजमहल परिसर के अंदर से कुत्तों को पकड़ने के लिए 2 विशेष टीमें लगाई गई हैं, जबकि बंदरों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए एक मंकी कैचर टीम को दशहरा घाट क्षेत्र में तैनात किया गया है। अब तक की कार्रवाई के तहत लगभग आधा दर्जन मवेशी, दो दर्जन कुत्ते और 30 से अधिक बंदरों को पकड़ा जा चुका है।
यह कार्रवाई केवल जानवरों को हटाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि नगर निगम ने उनके संरक्षण और पुनर्वास की भी पूरी व्यवस्था की है। ताज परिसर से पकड़े गए कुत्तों को नगर निगम के एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर भेजा जा रहा है, जहां उनकी नसबंदी की जाएगी और फिर उन्हें वापस उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। मवेशियों को नगर निगम की गौशाला में सुरक्षित रखा जा रहा है। यदि किसी मवेशी का मालिक आगे आता है, तो उसे जुर्माना भरने के बाद ही पशु को सौंपा जाएगा, और यह प्रक्रिया वीआईपी मूवमेंट के बाद ही पूरी की जाएगी। वहीं, बंदरों को पकड़कर पहले मंकी सेंटर भेजा जा रहा है, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण और नसबंदी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद उन्हें तय किए गए सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाएगा।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान अमेरिकी उपराष्ट्रपति के आगरा आगमन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। ताजमहल एक अंतरराष्ट्रीय धरोहर स्थल है, जहां हर दिन हजारों देशी और विदेशी पर्यटक आते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी जानवरों को मानवीय तरीके से पकड़ा जा रहा है और उनकी उचित देखरेख की जा रही है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक वीआईपी मूवमेंट पूर्णतः संपन्न नहीं हो जाता।
वर्जन –_—-
नगर निगम का यह प्रयास न केवल आगरा शहर की छवि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम है, बल्कि इससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भी अधिक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
अंकित खंडेलवाल
नगर आयुक्त
नगर निगम
व