आधी रात अचानक धंसा छत्ता नाला,नगर निगम ने शुरु कराया निर्माण कार्य

Press Release उत्तर प्रदेश

 

नाला धंसने के बाद नाले पर शुरु कराये गये निर्माण कार्य का निरीक्षण करते अधिकारी

—-घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही सक्रिय हुई नगर निगम की टीम
—नाला अवरुद्ध होने से छत्ता गली में भरा नाले का पानी,क्षेत्रीय लोगों को हुई परेशानी

आगरा। भारी वाहनों के आवागमन के कारण यमुना किनारे स्थित छत्ता नाला अचानक धंस गया। नाले के धंसने से नाले का पानी छत्ता गली में घुस गया। अचानक हुई इस घटना के कारण यमुना किनारे से गुजरने वाले वाहनों को डायवर्ट करके निकाला गया। घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम प्रशासन ने रात्रि में नाले का निर्माण कार्य शुरु करा दिया है। सहायक नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा भी लिया।
नाले के रुकने की वजह से नगर निगम के द्वारा कुछ समय पूर्व थाना छत्ता के पास नाले को पंक्चर कर इसकी सफाई कराई गयी थी। इस दौरान बड़े-बड़े हृयूम पाइप डालकर चोक हुए नाले को खोला गया था। नगर निगम द्वारा वर्तमान में सभी नालों की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में इस नाले की सफाई भी कराई जा रही थी। तमाम प्रयासों के बावजूद यमुना किनारे रोड को क्रास कर रहे नाले का पानी आगे नहीं जा पा रहा था। इस पर वबाग की सहायता से सुपर सकर मशीन के माध्यम से नाले की सफाई कराने का निर्णय लिया गया। सुपर सकर मशीन के द्वारा भी जब चोक नाला नहीं खुल सका तो बीती रात को नाले में सफाई कर्मचारी को उतार कर चोक पुलिया को खोलने का प्रयास किया गया। इस दौरान पता चला कि नाला धंसने के कारण पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। कुछ ही समय बाद पूरी सड़क धंस गयी। नाले का पानी छत्ता गली में भरने लगा। इस बात की जानकारी निगम के उच्चाधिकारियों को दी गयी। इसके बाद नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने निर्माण विभाग को रात्रि में ही नाले की मरम्मत का काम शुरु कराने के निर्देश दिये। इस पर अवर अभियंता अमित सोनार और एसएफआई आशुतोष वर्मा के नेतृत्व में निर्माण और सफाई का कार्य शुरु कराया गया। गुरुवार देर रात तक निर्माण कार्य जारी था। नाले के धंसने से इस मार्ग पर ट्रेफिक को डायवर्ट करके निकाला जा रहा था। निर्माण कार्य के कारण यमुना किनारे दिनभर जाम के हालात बने रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *