
नगर निगम की नरायच स्थित गौशाला में गायों की पूजा अर्चना कर विशेष चारा व गुड़ खिलाया गया
आगरा। गोवर्धन पर्व के अवसर पर नगर निगम की नारायच स्थित गौशाला में धार्मिक श्रद्धा और पर्यावरणीय संदेश का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर गौशाला परिसर में गाय के गोबर से गोवर्धन महाराज की आकर्षक प्रतिमा बनाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूजा के उपरांत गौशाला में मौजूद गोवंश की सेवा की गई और उन्हें विशेष चारा व गुड़ खिलाया गया।
नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों गौशाला कर्मचारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मिलकर पारंपरिक रीति से पर्व मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में गोसेवा के प्रति भाव जागृत करने के साथ-साथ गोबर जैसे प्राकृतिक उत्पाद के उपयोग को बढ़ावा देना था।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि गोवर्धन पूजा सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि यह प्रकृति और गोवंश संरक्षण का संदेश भी देती है। नगर निगम लगातार गौशालाओं के माध्यम से गोसेवा और स्वच्छता के कार्यों को प्रोत्साहित कर रहा है ।कार्यक्रम के दौरान गौशाला में स्वच्छता और सजावट की विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा की और गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
