नवरात्र में स्वच्छता का संदेश: देवालयों पर रखे गए ‘अमृत कलश’

Press Release उत्तर प्रदेश

—- नगर निगम की पहल, श्रद्धालुओं को सफाई के प्रति किया जा रहा जागरूक

आगरा। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नगर निगम द्वारा शहरभर के प्रमुख देवालयों में स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मंदिर परिसरों में ‘अमृत कलश’ स्थापित कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे साफ-सफाई बनाए रखना एक चुनौती बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने यह अनूठी पहल की है। ‘अमृत कलश’ के माध्यम से श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक या अन्य कचरा इधर-उधर न फेंककर इन कलशों में ही डालें।
अभियान के तहत नगर निगम की टीमें मंदिरों के आसपास नियमित रूप से सफाई कार्य भी कर रही हैं। साथ ही, मार्गों की मरम्मत, सीवर की सफाई और चूना छिड़काव जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उनका कहना है कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। नवरात्र जैसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को इस दिशा में जागरूक करना बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि यदि सभी लोग थोड़ी-सी जिम्मेदारी निभाएं, तो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना आसान हो सकता है। उन्होंने अपील की है कि सभी नागरिक इस अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि नवरात्र का यह पर्व श्रद्धा और स्वच्छता दोनों के साथ मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *