—- प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचने और गंदगी फैलाने पर कैंटीन संचालकों पर कार्रवाई, सामग्री जब्त
आगरा। नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक और पालीथिन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहा मंडी जोन में शराब ठेकों के आसपास संचालित कैंटीनों पर सख्त कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर एसएफआई प्रदीप गौतम के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्लास्टिक के गिलास और प्रतिबंधित पालीथिन का उपयोग करने वाले ठेका और कैंटीन संचालकों से 27 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया तथा बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई।
अभियान के दौरान वार्ड संख्या 37, जेल रोड स्थित नगला अजीता पिलर नंबर तीन के पास शराब ठेके के समीप महावीर नमकीन नाम से संचालित कैंटीन पर कार्रवाई की गई। यहां प्लास्टिक के गिलासों की बिक्री की जा रही थी और ठेके पर शराब भी प्लास्टिक के गिलासों में परोसी जा रही थी। मौके पर गंदगी पाए जाने पर संचालक के खिलाफ जुर्माना लगाते हुए प्लास्टिक गिलास जब्त किए गए।
इसी क्षेत्र में एक घर से कैंटीन संचालित कर रही शिखा नामक महिला को भी प्लास्टिक के गिलास बेचते हुए पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा सेक्टर-7 सेंट्रल पार्क रोड स्थित पुलिस चौकी के पास दुकानदार रवि यादव तथा सुनील सिकरवार के यहां भी प्लास्टिक के गिलासों की बिक्री पाए जाने पर जुर्माना वसूला गया। वहीं किशोरपुरा पुलिया पर कैंटीन संचालित करने वाले अमित पर प्लास्टिक गिलास और प्रतिबंधित पालीथिन के उपयोग के साथ ही डस्टबिन न रखने पर कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें और स्वच्छता के नियमों का पालन करें, अन्यथा भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
