शराब के ठेकों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास में पिलाई जा रही शराब, जुर्माना

Press Release

आगरा । प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती और तेज कर दी है। सरकार के स्पष्ट निर्देशों के तहत नगर निगम का प्रवर्तन दल लगातार शहर में निरीक्षण और कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को निगम प्रवर्तन दल ने शराब के ठेकों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलासों के उपयोग को लेकर बड़ी कार्रवाई की।

नगर निगम की टीम ने कटरा बजीर खां और नुनिहाई क्षेत्र स्थित देवी शराब के ठेकों पर छापेमारी की, जहां प्लास्टिक के गिलासों का खुलेआम उपयोग किया जा रहा था। मौके पर नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर दोनों ठेकों पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। निगम अधिकारियों ने ठेका संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने के निर्देश भी दिए।इसके अलावा कटरा बजीर खां क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान दो दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। निगम प्रवर्तन दल ने दोनों दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना वसूलते हुए प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कार्रवाई की जाए। निगम प्रशासन ने व्यापारियों और ठेका संचालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों का उपयोग करें, अन्यथा आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *