आगरा। रात्रिकाल समाप्त होने के बाद भी स्ट्रीट लाइटों को बंद न किये जाने पर नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर पांच कर्मचारियों का एक दिन दिन का वेतन काटे जाने के आदेश वरिष्ठ प्रभारी लाइट सरिता सिंह ने दिये हैं।
नगरायुक्त को दिन के समय भी स्ट्रीट लाइट जलने की शिकायतें मिल रही थीं। गत दिवस निरीक्षण के दौरान भी उन्हें न्यू आगरा क्षेत्र में लाइटें जलती मिली थी। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिये थे। इसी क्रम में उपनगर आयुक्त सरिता सिंह ने भी निरीक्षण किया था। उन्होंने भी नगर निगम परिसर के बाहर के अलावा लोहामंडी और हरीपर्वत जोन के कई क्षेत्रों में दिन के समय लाइट जलती पाई थी। इस पर उन्होंने सख्त रवैया अपनाते हुए लाहामंडी जोन के प्रकाश निरीक्षक निखिल वर्मा, हरीपर्वत जोन के प्रकाश निरीक्षक मयंक शर्मा, हरीपर्वत जोन में नगर निगम मुख्य भवन के सामने की लाइट जलती पाये जाने पर स्विचमैन पृथ्वी पारस और नौशाद सभी आउटसोर्स कर्मचारी के अलावा स्थाई कर्मचारी और स्विच मैन महेंद्र के अलावा आउटसोर्स कर्मचारी अजय ड्राइवर पर कार्यवाही की हैै। उक्त कर्मचारी द्वारा संचालित किया जाने वाला वाहन पूर्वान्ह 11 बजे तक लोहामंडी जोन स्थित निगम के भवन में ही खड़ा मिला था। सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने और स्थाई कर्मचारी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ उप नगर आयुक्त ने सभी प्रकाश निरीक्षकों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने अपने जोन में लाइटों को प्रातः काल समय में बंद करने के सख्त हिदायत अपने अधीनस्थों को दें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उर्जा की बचत के दृष्टिगत प्रातःकाल समय से समस्त स्ट्रीट लाइटों को बंद रखने के शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं।
—ट्री लाइटें भी नहीं की गयीं बंद, फर्म पर जुर्माना—-
निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त को कई स्थानों पर ट्री लाइटें भी दिन के समय जलती मिली थीं। वृक्षों पर लगाई गयीं ट्री लाइटों को जलाने और बुझाने के लिए जिम्मेदार मै0 ए आर वी एन्टरप्राइजेज पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए चेतावनी दी गई है कि उनके खिलाफ पूर्व में भी इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त होती रही हैं। अगर भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पुनः पाई जाती है तो फर्म के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।