होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रजनीश अग्रवाल को सेवा आगरा का लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। असाध्य रोगों के उपचार से हजारों लोगों के जीवन की रक्षा करने वाले आगरा के ख्यातिप्राप्त होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रजनीश अग्रवाल को सामाजिक संस्था सेवा आगरा ने लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान शनिवार को सुल्तानगंज पुलिया के निकट स्थित सेवा भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।
हेलमेट लगाओ जीवन बचाओ अभियान, निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों सहित अनेक सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज में जीवन रक्षा की अलख जगा रही सेवा आगरा ने 35 वर्षों से अधिक समय से चिकित्सा सेवा में समर्पित डॉ. अग्रवाल के योगदान को नमन किया।

संस्था के संस्थापक-अध्यक्ष व प्रमुख समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल (पेंट वाले) ने कहा कि डॉ. रजनीश अग्रवाल ने अपने लंबे चिकित्सकीय जीवन में न केवल सामान्य बल्कि असाध्य रोगों का भी सफल इलाज कर अनेक परिवारों को नई जिंदगी दी है। उनकी सेवाएँ समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सेवा आगरा की संस्थापक समाजसेवी सुमन गोयल ने कहा कि जो लोग अपने-अपने क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से जीवन रक्षा की मुहिम में जुटे हैं, सेवा आगरा ऐसे सभी कर्मयोगियों का सम्मान करती रहेगी।

अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित डॉ. रजनीश अग्रवाल अपने ही शहर आगरा में मिले इस लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से बेहद हर्षित नजर आए। उन्होंने सेवा आगरा और उपस्थित सभी गणमान्यजनों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संयोजन व संचालन कवि कुमार ललित ने किया। समारोह में डॉ. अग्रवाल के पिता, यूपी पावर कॉरपोरेशन से सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर यूके अग्रवाल, उनके सुपुत्र सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनमोल अग्रवाल, हरिओम गोयल, मयंक खंडेलवाल और सतेंद्र कुशवाह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *