
आगरा मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित, संरक्षित एवं सुचारू संचालन को प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के कुशल मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री हर्षिकेश मौर्या के निर्देशन में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं वाणिज्य विभाग द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने हेतु विशेष सघन संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल के विभिन्न रेल खंडों, प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित रूप से सघन जांच, निगरानी एवं जागरूकता गतिविधियाँ की जा रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ ट्रेनों के समयबद्ध एवं निर्बाध संचालन को बनाए रखा जा सके।
इसी क्रम में दिनांक 15.01.2026 से 18.01.2026 तक अभियान के दौरान अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग के कुल 29 मामलों का पता लगाते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा लगभग रु. 11,770/- का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान गाड़ी संख्या 12903 शोलाका–रुंधी, 20805 मथुरा–भूतेश्वर, 22988 आगरा फोर्ट स्टेशन, 12641 धौलपुर–मनिया, 22921 चिकसाना–अछनेरा एवं 19665 नदबई स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर एसीपी की विशेष जांच की गई।
इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 20806 के बी-1 कोच में आगरा छावनी स्टेशन पर यात्री मुस्कान, गाड़ी संख्या 12690 के जनरल कोच में मथुरा जं. पर यात्री भरत लाल, गाड़ी संख्या 12708 में आगरा छावनी यार्ड पर यात्री वाहिद, गाड़ी संख्या 12903 के बी-6 कोच में मथुरा जं. पर यात्री पंकज, गाड़ी संख्या 12618 में आगरा छावनी पर यात्री पवन तथा गाड़ी संख्या 22691 के बी-2 कोच में मथुरा जं. पर यात्री सुनील द्वारा अनावश्यक रूप से अलार्म चेन पुलिंग किए जाने पर रेल सुरक्षा बल द्वारा मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आपात स्थिति में ही अलार्म चेन पुलिंग का प्रयोग करें, अन्यथा यह दंडनीय अपराध है और इससे न केवल रेल संचालन प्रभावित होता है बल्कि अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है; यात्रियों की सुरक्षा एवं बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
