
आगरा। कबड्डी कोच और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के मध्य हुए विवाद की जांच के लिये संयुक्त निदेशक खेल उत्तर प्रदेश राजनरायन सिंह आज आगरा के एकलव्य स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बात की। इसके पश्चात उन्होंने लिखित बयान भी ले लिये हैं। इनके आधार पर लखनऊ जाकर अपनी रिपोर्ट खेल निदेशक को सौंप दैंगे।
पिछले माह से ही मैस में कबड्डी खिलाड़ियों को नाश्ता और खाना न मिल पाने के बाद कबड्डी कोच विजयलक्ष्मी सिंह और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा के मध्य विवाद शुरू हो गया था। मामले की जानकारी खेल निदेशक उप्र आरपी सिंह को भी दे दी गयी थी। उन्होंने ही इस मामले की जांच के लिये आज संयुक्त निदेशक आर एन सिंह को भेजा था। उन्होंने पहले तो सभी प्रशिक्षकों से बात की। आगरा स्टेडियम की प्रगति के बारे में पूछा। बताया कि इन दिनों सेना की भर्ती चल रही है। इसलिये केवल रजिस्ट्रेशन का काम चल रहा है। कोचिंग तो फिलहाल बंद है। इसके पश्चात संयुक्त निदेशक ने बंद कमरे में कोच और आरएसओ से पूछताछ की। उन्होंने आरएसओ और कोच को कड़े शब्दों में चेतावनी भी दी कि इस तरह के विवाद नहीं होने चाहिए। साथ ही कोच से कहा कि वे अपना पक्ष लिखकर दे दें। जो उन्होंने दे दिया है। संयुक्त निदेशक श्री सिंह ने बताया कि लिखित बयान ले लिये हैं। लखनऊ जाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करूंगा। आज रात ही वे वापस लखनऊ लौट गये।
हालांकि तीन दिन पहले राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबिता चौहान ने स्टेडियम जाकर मामले को रफादफा करा दिया था। आज विभागीय जांच भी हो गयी। माना जा रहा है कि अब खेल निदेशालय के स्तर से ही यह विवाद समाप्त कराया जाएगा।


