
आगरा । मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आगरा पी. राज मोहन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हर्षिकेश मौर्या के निर्देशन में रेल सुरक्षा बल (RPF) एवं वाणिज्य विभाग द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल के विभिन्न रेल खंडों एवं ट्रेनों में सघन जांच की गई। इसी क्रम में दिनांक 05.01.2026 से 06.01.2026 तक 08 केस पर लगभग रु. 3140 जुर्माना वसूला गया| जिसमे गाड़ी संख्या 18237 व 12280 आगरा निजामुद्दीन खंड, गाडी संख्या 12627,12724 आगरा कैंट-नई दिल्ली के मध्य एसीपी की विशेष जांच की गई।
गाड़ी संख्या 11057 के मथुरा जंक्शन पर एम-02 कोच में यात्री मुकुल शर्मा,गाड़ी संख्या 12178 में आगरा कैंट स्टेशन पर एम-02 कोच में यात्री मुस्तकीम ,गाड़ी संख्या 18237 के धोलपुर जं. पर बी-4 कोच में यात्री विष्णु ,गाड़ी संख्या 12823 में आगरा कैंट पर यात्री मुनीश, गाड़ी संख्या 12918 में मथुरा जंक्शन पर यात्री लक्षमण प्रसाद,गाड़ी संख्या 12724 में आगरा कैंट पर यात्री पाशा समशी, गाड़ी संख्या 12954 में मथुरा जंक्शन पर यात्री आदित्य सिंह,गाड़ी संख्या 11905 में मथुरा जंक्शन पर यात्री सियाराम ,इन सभी के विरुद्ध रेल सुरक्षा बल द्वारा गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई।
अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग ट्रेनों के विलंब का एक प्रमुख कारण है। किसी भी ट्रेन का असामान्य रूप से रुकना न केवल उस ट्रेन की समयपालनता को प्रभावित करता है, बल्कि पीछे चल रही अन्य ट्रेनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है, जिससे यात्रियों का बहुमूल्य समय नष्ट होता है। यह भी देखा गया है कि कई मामलों में गैर-यात्री अपने परिजनों या परिचितों को विदा करने के उपरांत समय पर ट्रेन से नहीं उतर पाते और अलार्म चेन खींच देते हैं, जिससे सह-यात्रियों को अनावश्यक असुविधा होती है तथा रेल संचालन बाधित होता है।रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल नियमों का पालन करें और केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही अलार्म चेन का प्रयोग करें, ताकि सुरक्षित, सुचारू एवं समयबद्ध रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।


