आगराः चीन में 21 से 25 अप्रैल तक आयोजित होने वाली एशियन लैक्रॉस चैंपियनशिप की तैयारी के लिए भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर 25 से 30 मार्च तक जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल, आगरा में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं।
इस अवसर पर यूपी लैक्रॉस एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बंसल ने शिविर में पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अभ्यास करें और आगामी प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन करें।
साथ ही लैक्रॉस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के CEO तौसीफ लाहरी , सचिव नबी रसूल तथा इमरान लारी ने भी ऑनलाइन माध्यम से शिविर से जुड़कर सभी खिलाड़ियों को अपना आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लैक्रॉस एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा शिविर को सफलतापूर्वक संचालित करने तथा एक मजबूत टीम तैयार करने की जिम्मेदारी शकील खान, नीरज बत्रा, राजपाल और राजेश शर्मा को सौंपी गई है। इनके निर्देशन में भारतीय लैक्रॉस का प्रशिक्षण चल रहा है और इसी शिविर के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन चीन में होने वाली एशियन लैक्रॉस चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा


