आगरा में ‘इंडिया स्किल्स 2025-26’ नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता का शुभारंभ

Press Release उत्तर प्रदेश

उत्तर भारत के 5 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 360 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के 30 प्रतिभागी 15 स्किल्स में दिखा रहे अपना हुनर

‘वर्ल्ड स्किल्स कॉम्पिटिशन 2026’ के लिए युवाओं को तैयार कर रहा कौशल विकास मिशन

14 मार्च को समापन समारोह में प्रतिभाग करेंगे मंत्री कपिल देव अग्रवाल

आगरा, 12 मार्च । योगी सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं को कौशलयुक्त बनाकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों के क्रम में ताजनगरी आगरा में ‘इंडिया स्किल्स 2025-26’ नॉर्थ रीजनल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ है। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 5 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 360 से अधिक प्रतिभागी 41 विभिन्न ट्रेडों में अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ बुधवार, 11 मार्च की शाम को हुआ। उद्घाटन समारोह में विभिन्न राज्यों के युवाओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के उप महानिदेशक अरुण कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि यहां आने वाला प्रत्येक प्रतिभागी कुछ न कुछ नया सीखकर अवश्य जाएगा। समारोह के दौरान सभी राज्यों की टीमों ने मार्च पास्ट किया और प्रतिभागियों तथा निरीक्षकों को पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।

इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का समापन 14 मार्च को विजेताओं को सम्मानित करने के साथ होगा। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल 14 मार्च को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे और विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया स्किल्स’ जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे राष्ट्रीय तथा वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजनों से प्रदेश के युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे तकनीकी दक्षता के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं।

गुरुवार को प्रतियोगिता के पहले चरण में प्रतिभागियों को उनके-उनके ट्रेड से संबंधित आधुनिक उपकरणों और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न उपकरणों की बारीकियों से अवगत कराने के बाद मुख्य प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुईं।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से चयनित 30 मेधावी प्रतिभागी इस प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ये प्रतिभागी 15 विभिन्न स्किल्स में अपना कौशल प्रदर्शित कर रहे हैं, जिनमें ब्यूटी थेरेपी, प्लंबिंग एंड हीटिंग, हेयर ड्रेसिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, ब्रिकलेइंग तथा रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग जैसे महत्वपूर्ण ट्रेड शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने प्रदेश के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘इंडिया स्किल्स’ प्रतियोगिता युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मिशन का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को ‘वर्ल्ड स्किल्स कॉम्पिटिशन 2026’ जैसे वैश्विक मंच के लिए तैयार करना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। यह क्षेत्रीय प्रतियोगिता न केवल युवाओं के कौशल का परीक्षण है, बल्कि उनके नवाचार और तकनीकी दक्षता को वैश्विक मानकों पर परखने का एक सशक्त माध्यम भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *