निंदा प्रस्ताव : नगर आयुक्त की अपील पर टली अनिश्चितकालीन हड़ताल

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम सदन में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के खिलाफ लाए गए निंदा प्रस्ताव के बाद निगम का माहौल बुधवार को भी गरमाया रहा। घटना से आहत अधिकारी और कर्मचारी संगठनों में रोष साफ देखने को मिला। सुबह विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और अधिकारी एकजुट होकर नगर आयुक्त के समक्ष पहुंचे और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
कर्मचारियों और अधिकारियों का कहना था कि हालिया घटनाक्रम से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके चलते वे विरोध दर्ज कराने के लिए कार्य बहिष्कार करने को मजबूर हैं। इस दौरान निगम मुख्यालय में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने स्थिति को संभालने का प्रयास करते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे सभी की भावनाओं का सम्मान करते हैं और हाल में हुई घटनाओं से वे भी आहत हैं, लेकिन इस तरह हड़ताल पर जाना जनहित में उचित नहीं है।
नगर आयुक्त ने स्वच्छ सर्वेक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि इस समय निगम की जिम्मेदारियां काफी अहम हैं और हड़ताल के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य जारी रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
नगर आयुक्त की समझाइश और अपील का असर भी देखने को मिला। पहले से हड़ताल पर अड़े कर्मचारी और अधिकारी अंततः शांत हुए और फिलहाल अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय टाल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *