आगरा। नगर निगम विधि प्रकोष्ठ की एक अहम बैठक अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार की अध्यक्षता में कार्यकारिणी हाल में संपन्न हुई। बैठक में विभाग के पैनल अधिवक्ताओं ने भाग लेकर अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
बैठक का मुख्य फोकस नगर निगम से जुड़े लंबित संपत्ति विवादों, जुर्माना वसूली, अवैध निर्माण तथा अन्य मामलों के त्वरित निस्तारण पर रहा। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने लचर पैरवी को मामलों के लंबित रहने का प्रमुख कारण बताया और इसे गंभीरता से लेते हुए पैनल अधिवक्ताओं से प्रभावी कार्यशैली अपनाने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक केस की नियमित समीक्षा कर प्रभावशाली पैरवी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, निगम अधिकारियों और अधिवक्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया गया, जिससे न्यायालय में प्रस्तुत पक्ष मजबूत हो सके। इस दौरान निगम की ओर से अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि विधि प्रकोष्ठ को आवश्यक संसाधन और सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि नगर निगम के हितों की प्रभावी रक्षा की जा सके और लंबित मामलों के समाधान में तेजी लाई जाए।
बैठक में उप नगर आयुक्त सरिता सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, मुख्य अभियंता बी.एल. गुप्ता, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।