आगरा, 20 दिसंबर। आगरा की सदर तहसील में आज सायं हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। एक लेखपाल पर आरोप लगा कि वह दस लाख रुपये रिश्वत लेकर स्विफ्ट कार से तहसील पहुंचा। जैसे ही उसे भनक लगी कि पुलिस और खुफिया एजेंसी पीछे लगी हैं। लेखपाल यूनियन का पदाधिकारी रिश्वत की रकम रखी हुई कार छोड़कर भाग निकला। आरोप है कि बमरौली कटारा में तीन भाईयों के बीच जमीन के बंटवारे में खतौनी में नामों की गड़बड़ी करने के नाम पर दस लाख रुपये रिश्वत तय की थी। पांच लाख रुपये तत्काल ले लिये गये। पांच लाख बाद में देने की बात थी। रिश्वत देने वाले ने इस पूरे वाकये का वीडियो बना डाला। जिस कार में लेखपाल रकम लेकर तहसील पहुंचा था। उसका भी रकम देने वाले ने पीछा कियाऔर वीडियो बनाता रहा।
उसने तमाम पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को रिश्वत के मामले की सूचना दी। आज सायं सात बजे के लगभग भारी संख्या में पुलिस बल सदर तहसील पहुंच गया। कार को तो घेर लिया। लेकिन उसको चलाकर लाया लेखपाल संघ का पदाधिकारी गायब हो गया। लगभग चार घंटे तक मीडियाकर्मियों का भी वहां जमावड़ा रहा। पुलिस भी काफी संख्या में रही। एसडीएम भी तहसील पहुंच गयीं। बताया जाता है कि एक प्रभावशाली व्यक्ति ने कार को ले जाने का प्रयास किया लेकिन एसडीएम ने कार को नहीं ले जाने दिया। काफी देर बाद कार को क्रेन से खींचकर थाना शाहगंज ले जाया गया। बताया जाता है कि पीले थैले में रिश्वत के पांच लाख रुपये कार में ही रखे थे। सुबह फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में खोली जाएगी कार। एसडीएम सदर ने कहा है कि लिखित शिकायत के बाद भ्रष्टाचार अधिनियम में केस दर्ज हो रहा है। एसडीएम का यह भी कहना है कि पूरे मामले की जांच हो रही है। आरोपी पाये जाने पर कार्रवाई होगी.।


