गुजरात से आई अवैध प्लास्टिक की खेप, आगरा फोर्ट स्टेशन पर पकड़ी गई

Press Release उत्तर प्रदेश

80 कट्टों में भरी प्रतिबंधित पॉलीथिन को नगर निगम ने पकड़ा, 240 किलो से अधिक है वजन

आगरा। नगर निगम प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर गुजरात से आई 80 कट्टों में भरी प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई है। इस खेप में 242 किलो से अधिक प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग थे, जिन्हें आगरा में अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।

सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम हरकत में आ गई। जोनल सैनिटरी ऑफिसर आशुतोष वर्मा के नेतृत्व में एक टीम स्टेशन पहुंची और रेलवे अधिकारियों से समन्वय कर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इन कट्टों को अपने कब्जे में लिया।
जेड एस ओ के अनुसार, यह प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग पर्यावरण और स्वच्छता नियमों का घोर उल्लंघन है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब्त की गई पूरी पॉलीथिन को नियमानुसार नष्ट किया जाएगा ताकि इसका कोई भी हिस्सा बाजार में दोबारा न पहुंच सके।
रेलवे प्रशासन ने भी इस कार्रवाई में सहयोग करते हुए समय पर सूचना दी और ट्रांजिट डॉक्यूमेंट्स नगर निगम को सौंपे। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह अवैध खेप रेल पार्सल के ज़रिए आगरा पहुंचाई गई थी और इसे यहां स्थानीय थोक विक्रेताओं को सप्लाई किया जाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *