
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने यूपी-बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत केंद्र व्यवस्थापक, जोनल और सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को ब्रीफिंग कर दिए निर्देश
जनपद में हाईस्कूल में 60371 जिसमें 32556 बालक, तथा 27815 बालिका एवं इंटरमीडिएट में 61551 में 35415 बालक, व 26136 बालिका कुल 121922 छात्र छात्राएं होंगे शामिल
आगरा . 14.02.2026.आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 18 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा की तैयारियों को लेकर ,केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ सूरसदन प्रेक्षागृह में ब्रीफिंग कर निर्देश दिए। जनपद में हाईस्कूल में 60371 जिसमें 32556 बालक,27815 बालिका तथा इंटरमीडिएट में 61551 में 35415 बालक,26136 बालिका कुल 121922 छात्र छात्राएं शामिल होंगे ।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद करते हुए कहा कि कि यदि परीक्षा के दौरान केंद्र में कोई लापरवाही मिलती है तो केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे। छात्राओं की तलाशी के लिए महिला पुलिस कर्मी व शिक्षिकाएं लगाई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा , प्रकाश, ,शौचालय, पेयजल आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों। सभी जोनल,स्टेटिक, एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट,केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि परीक्षा की जो नियम-शर्तें हैं, उनके अनुरूप ही परीक्षा कराएंगे। किसी भी स्तर पर गलती अक्षम्य होगी। गड़बड़ी संज्ञान में आई तो व्यक्तिगत रूप से जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी को ब्रीफ करते हुए कहा कि परीक्षा से संबंधित कार्यों के बारे में बोर्ड द्वारा प्रदान की गई बुकलेट में सभी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। सभी लोग इसे अवश्य पढ़ लें।
परीक्षा में जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है वह समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित हों,सभी अधिकारी यदि अपने कर्तव्यों का निर्वहन सही तरीके से करेंगे तो बोर्ड परीक्षा में कोई सेंधमारी नहीं होगी। यदि किसी ने सेंधमारी की कोशिश की तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्ट्रांग रूम की फुलप्रूफ सुरक्षा से संबंधित रिपोर्ट देने को निर्देशित किया,बोर्ड के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में पुलिस विभाग से समन्वय कर केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने,इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सहित अन्य संवेदनशील बिंदुओं पर अवगत कराया गया।परीक्षा के दौरान नकल माफियाओं,फर्जी अभ्यर्थियों और पेपर लीक जैसे बिंदुओं पर नकेल कसने के लिए पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था व पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। ब्रीफिंग में बताया गया कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखने, कार्य की संवेदनशीलता को समझते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
अपर जिलाधिकारी नगर ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उ०प्र० प्रयागराज द्वारा संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल/इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा दिनांक 18 फरवरी 2026 से प्रारम्भ होकर 12 मार्च 2026 को समाप्त होगी।परीक्षाओं के नकल विहीन तथा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराये जाने हेतु आगरा जनपद के 154 परीक्षा केन्द्रों को 06 जोन एवं 15 सैक्टरों में विभाजित किया गया है। उक्तानुसार 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सैक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 18 अति संवेदशील परीक्षा केन्द्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के आदेश दिए हैं।सभी सैक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सैक्टर से सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा तिथि में समय प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक एवं अपरान्ह 2:00 से 5:15 के मध्य परीक्षाओं के नकल विहीन तथा शांतिपूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करायेगें तथा परीक्षा केन्द्रों पर असमाजिक तत्वों पर निगाह रखते हुए परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग की रोकथाम की कार्यवाही करेगें तथा परीक्षा तिथियों में समय-समय पर निरन्तर सम्बन्धित केन्द्रों पर भ्रमण/निरीक्षण / चैकिंग करेंगें तथा आने वाली कठिनाईयों का तत्परता से निराकरण करते हुये परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग एवं नकल आदि की रोकथाम हेतु उ०प्र० सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 1998 के अन्तर्गत कार्यवाही एवं कियान्वयन सुनिश्चित करायेगें। परीक्षा अवधि में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने एवं केंद्रों पर अवांछित भीड एकत्रित न होने की समीक्षा भी अपने जोन/सेक्टर के परीक्षा केंद्रों पर नियमित दौरा कर सुनिश्चित करेंगें।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है जो कि परीक्षा अवधि में प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष सं0-9997156949 है।
ब्रीफिंग में बताया गया कि परीक्षा केन्द्र परिसर के अन्दर परीक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री, पेजर, मोबाइल फोन, कैल्कुलेटर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
समस्त सैक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के समय प्रश्न पत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित होने, यदि प्रश्न पत्रों के पूर्व प्रकटन की स्थिति प्रकाश में आती है तो दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही त्वरित गति से करने। अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन, शान्तिपूर्ण, एवं शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिये व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
