पार्क को बना रखा था कमाई का जरिया, होटल मालिक पर ठोंका जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। ताजनगरी फेस-2 स्थित एक सरकारी पार्क पर अवैध कब्जा कर सार्वजनिक आयोजनों के नाम पर रुपये वसूले जाने का मामला सामने आने पर नगर निगम प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। शिकायत के बाद की गई जांच में पाया गया कि होटल मैफिल ग्रैंड के स्वामी द्वारा पार्क पर अवैध रूप से कब्जा कर गेट और बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी गई थी, साथ ही पार्क के भीतर ही कोयले की भट्ठी भी संचालित की जा रही थी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार होटल स्वामी पार्क का उपयोग निजी आयोजनों के लिए कर रहा था और इसके बदले लोगों से शुल्क वसूला जा रहा था, जो पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। इसके अलावा आयोजन के दौरान उत्पन्न कूड़े का निस्तारण भी निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण और सार्वजनिक स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जोनल अधिकारी ताजगंज गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में जेडएसओ ताजगंज महेंद्र सिंह, एसएफआई योगेंद्र कुशवाहा एवं नीरेंद्र धाकरे ने प्रवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान पार्क पर लगाए गए अवैध गेट और बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कराया गया तथा कोयला भट्ठी हटाने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान नियमों के उल्लंघन पर होटल स्वामी पर मौके पर ही 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि दोबारा पाए जाने पर और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा और व्यावसायिक उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *