कालिंदी के तट पर जीवंत हो उठी नंद गांव की होली

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा, 21 फरवरी। नगर निगम द्वारा वाराणसी गंगा आरती की तर्ज पर आयोजित की जा रही यमुना महा आरती के आयोजन में आज शुक्रवार को नंद गांव की होली की धूम रही । आरती में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने आए श्रीजी महल बरसाने मंदिर के मुख्य सर्वाधिकारी किशोर श्याम गोस्वामी और नंद गांव के मुख्य महंत गुरु श्री कृष्ण मुरारी गोस्वामी कान्हा जी महाराज के साथ गोपियों ने जमकर होली खेली। चारों ओर उड़ रहे अबीर गुलाल के मध्य भक्ति प्रेम और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला।
होली, रंगों और उमंग का पर्व, पूरे भारत में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, लेकिन ब्रज की होली का अपना ही एक अलग आकर्षण है। इसमें भी खासकर नंद गांव की होली का एक विशिष्ट स्थान है। यमुना मैया के दुग्धाभिषेक और पूजन अर्चन के बाद ताज नगरी में यमुना आरती स्थल पर रंग, भक्ति और मस्ती का अद्भुत मेल देखने को मिला । हजारों वर्षों से कान्हा की नगरी में परंपरागत रूप से मनाये जाने वाले जाने वाले नंद उत्सव का नजारा आज कालिंदी के तट पर जीवंत हो उठा। रंगों से सराबोर हुरियारिन और हुरियारों ने ढोल मजीरों की थाप पर झूमते हुए राधा कृष्ण के भजन गाए। चारों ओर राधे-राधे तथा श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी की गूंज सुनाई देती रही। प्रेम, भक्ति और आनंद का महासागर यमुना किनारे से गुजरने वाले लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रहा था तो वहीं कार्यक्रम में भाग ले रहा हर व्यक्ति प्रेम और भक्ति के महासागर में डूबने को लालायित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *