नई दिल्ली, 9 मई । केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एस. पी. सिंह बघेल ने आज उपराष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रो. बघेल ने उपराष्ट्रपति को माला पहनाकर सम्मानित किया एवं लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी की प्रतिमा भेंट की। साथ ही, आगामी 1 जून 2025 को आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती समारोह में पधारने हेतु औपचारिक निमंत्रण प्रस्तुत किया। उपराष्ट्रपति ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया ।
नई दिल्ली महाराष्ट्र सदन में आयोजित हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की पुस्तक “जनता की आवाज” के लोकार्पण समारोह में मंच से ही प्रो. बघेल को इसकी औपचारिक स्वीकृति प्रदान की। यह निर्णय देश की सांस्कृतिक चेतना और लोकमाता के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने हेतु हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय , उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , तथा महाराष्ट्र विधान परिषद के अध्यक्ष प्रो. राम शंकर राव शिंदे , गोवा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर पहले ही अपनी स्वीकृति प्रदान कर चुके हैं।
यह आयोजन, मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल के संरक्षण में आयोजित हो रहा है। देशभर के संतों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के प्रेरणादायी जीवन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उनका जीवन न्याय, सेवा, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की सशक्त मिसाल है। उपराष्ट्रपति सहित अन्य शीर्ष नेताओं की उपस्थिति से यह कार्यक्रम एक सांस्कृतिक यज्ञ का स्वरूप लेगा, जो आने वाली पीढ़ियों को लोकमाता के विचारों से जोड़ने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।