फुटपाथ पर सामान, सड़क पर कचरा, मोती गंज में स्वच्छता अभियान को बट्टा

Press Release उत्तर प्रदेश

—— मोतीगंज में जाम और गंदगी से लोग बेहाल
—– कचरे के लिए कारोबारियों द्वारा नहीं रखी जा रही डस्टबिन, चेतावनी

आगरा। मोतीगंज क्षेत्र में व्यापारियों द्वारा लगातार की जा रही लापरवाही के चलते स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है। फुटपाथों पर दुकानदारों ने सामान फैलाकर अवैध अतिक्रमण कर रखा है, जिससे राहगीरों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ रहा है। नतीजतन यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नगर निगम द्वारा बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कई दुकानदार अपनी दुकानों पर डस्टबिन नहीं रख रहे हैं। स्थिति यह है कि दुकानें झाड़ने के बाद कचरा सड़क के बीचों-बीच इकट्ठा कर दिया जा रहा है, जिससे न केवल गंदगी फैल रही है बल्कि स्वच्छता अभियान पर भी पलीता लग रहा है। क्षेत्र में बदबू और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसी को लेकर नगर निगम के एसएफआई आशुतोष वर्मा के नेतृत्व में मोतीगंज क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमण कर फुटपाथों पर सामान रखने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी दुकानदार दुकान के बाहर सामान नहीं रखेगा और प्रत्येक दुकान पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखनी होगी।

एसएफआई ने कहा कि यदि भविष्य में डस्टबिन न रखने, सड़क पर कचरा डालने या फुटपाथ पर अतिक्रमण की शिकायत मिली तो संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मोतीगंज जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। स्थानीय लोगों ने भी निगम की इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि क्षेत्र को जाम और गंदगी से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *