आगरा, 18 दिसंबर। आगरा नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यशाला में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 को लेकर कैपेसिटी विल्डिंग विषय पर विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम में आगरा शहर को नंबर वन बनाने के लिए जनसहभागिता पर बल दिया गया। अध्यक्षता करते हुए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि ऐतिहासिक नगरी आगरा को राष्ट्रीय और अन्तराराष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता के मामले में नंबर वन बनाने का उन्होंने सपना देखा है। मेरा ये सपना आप सभी लोगों के सहयोग के बिना साकार होना संभव नहीं है। इस सपने को साकार करने के लिए हम सभी को एक साथ मिलकर पूरे मनोयोग से मेहनत करनी होगी। आने वाले साठ दिन हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। अतः अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभी से कमर कस लें। राष्ट्र कवि दुष्यंत की कविता कि कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों से अपना संबोधन समाप्त करते हुए नगरायुक्त ने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए नगर स्वास्थ अधिकारी डॉक्टर संजीव वर्मा ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के लिए भारत सरकार की टीम कभी भी सर्वेक्षण के लिए आ सकती है। इसलिए सभी निगम कर्मिर्यों और सहयोगी संस्थाओं को पूरी तरह से अलर्ट रहना है। कार्यक्रम के दौरान विचार व्यक्त करते हुए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान देखे जाने वाले मानकों क्रमशः सफाई व्यवस्था,शौचालय, सौंदर्यीकरण, विकास और चलाये जा रहे प्रोजैक्ट आदि के कार्यों को एक सप्ताह में चाक चौबंद कर लिया जाए। इसके लिए जरुरी है कि सभी लोग एक टीम की तरह से कार्य करते हुए लगातार निरीक्षण कर एक दूसरे के क्षेत्रों की कमियों को अवगत करा कर निस्तारित कराते रहें। सीएंडडी वेस्ट, वाटर लॉगिंग, कूड़े का सेग्रीगेशन, कंपोस्ट प्लांट, डिवायडरों ,डस्टविन और वॉल पेंटिंग आदि को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। कहीं कोई कमी न रह जाए। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता को लेकर साइन बोर्ड लगाये जाएं। स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम कहीं भी और कभी भी आकर कर्मचारियों के साथ साथ लोगों से भी स्वच्छता के विषय में सवाल जवाब कर सकती है । अतः जरुरी है कि हम कार्य के साथ जनता को भी अपने कार्यों के प्रति जागरुक कर उनकी सहभगिता कराएं। प्रोजेक्टर के माध्यम से नगर निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यों का भी प्रदर्शन किया गया। इंदोैर नगर निगम द्वारा पिछले कुछ सालों में स्वच्छता रैंकिग में अहम स्थान बनाये जाने पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कुछ साल पहले तक उनकी स्थिति भी आगरा से जुदा नहीं थी। सीमित संसाधनों और जनसहभागिता के दम पर उन्होंने देश भर में एक मुकाम बनाया है। अगर हम सभी चाह लें तो इसे आगरा भी कर सकता है। याद रखें कि हम सभी एक चेन के रुप में कार्य कर रहे हैं जहां भी हमारी कड़ी कमजोर होगी वहीं से हमारी रैंकिंग भी प्रभावित होना प्रारंभ हो जाएगी। अतः आज और अभी से ठान लें कि आगरा को नंबर वन बनाने के लिए हममें से कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान मेरा जोन मेरी जिम्मेदारी के तहत हर जोन की टीमें बनाकर ग्रुप डिस्कशन भी किया गया। इसके बाद ग्रुप लीडर्स ने अपने अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव भी दिये। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर संजीव वर्मा, मुख्य अभियंता बीएल गुप्ता, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी और पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण, सह प्रभारी स्वच्छ भारत मिशन सुदेश कुमार,जेडएसओ सीएसएफआई, एसएफआई नगर निगम के सभी विभागों के कर्मचारी और अधिकारियों के अलावा नगर निगम की सहयोगी संस्थाएं बवाक,जेएसएनवायरो, स्वच्छता कारपोरेशन, संवेदना डवलेपमेंट सोसायटी और नेचर ग्रीन के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।


