प्लेयर ऑफ द टूनार्मेंट, बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डिफेंडर व बेस्ट फारवर्ड होंगे पुरस्कृत
आगरा। 21 से 25 दिसंबर तक आगरा में होने जा रहा ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राजमनी हॉकी टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया से आई कुकबुरा गेंदों से खेला जाएगा। आयोजकों ने टीमों को अंतर्राष्ट्रीय अनुभव देने के लिए विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया से कुकबुरा गेंद मंगाई हैं। कुकबुरा गेंदों में ही अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मुकाबले खेले जाते हैं। टूर्नामेंट में जूनियर इंडिया टीम/कैम्प प्लेयर भी खेलने आगरा आ रहे हैं।
सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी व आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में होने जा रहे टूर्नामेंट केआयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि टूर्नामेंट में 21 से 23 दिसंबर तक प्रतिदिन चार मुकाबले खेले जाएंगे। 24 दिसंबर को दोनों सेमीफाइनल व 25 दिसंबर को फाइनल मुकाबला होगा। टूनामेंट का उद्घाटन केन्द्रीय राज्यमंत्री व आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत बाबा प्रीतम सिंह करेंगे। इस दौरान गुरुद्वारे के जांबाज प्राचीन गतका साहब का प्रदर्शन करेंगे। राजीव सोई ने बताया कि टूर्नामेंट के विजेता को 51 हजार, उपविजेता को 31 हजार व तीसरे स्थान वाली टीम को 11 हजार की पुरस्कार राशि व चमचमाती हुई ट्राफी दी जाएगी। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट फारवर्ड को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
देश की ये टीमें कर रही हैं प्रतिभाग
टूनार्मेंट में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया लखनऊ, स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ, रामपुर हॉकी अकादमी लुधियाना, सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी आगरा, सेल हॉकी अकादमी राऊरकेला, राजा करन हॉकी अकादमी करनाल, मेघवर्ण अकादमी वाराणसी, विजय अकादमी प्रयागराज, नामधारी अकादमी हरियाणा, सरस्वती हॉकी यमुना नगर, नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर, स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी की टीम प्रतिभाग करेंगी। सभी टीमों को अभ्यास के लिए 20 दिसंबर को भी हॉकी सिंथेटिक टर्फ की बुकिग की गई है।
क्वालीफाइड अंपायर खिलाएंगे मैच
टूनामेंट के संयोजक अमिताभ गौतम ने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मैच क्वालीफाइड अंपायर खिलाएंगे। साथ ही आगरा के राष्ट्रीय स्तर के अंपायर भी मैच में सहयोगी की भूमिका निभाएंगे। सेवन-ए-साइड फार्मेट में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के लिए एक टीम में 10 खिलाड़ी होंगे। टूर्नामेंट हॉकी इंडिया के नियमों के अनुसार खेला जाएगा।


