शहर को गंदगी से आजाद कराने वाली मशीनों की निकाली रैली
नगर निगम प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस पर नगर आयुक्त और महापौर ने संयुक्त रूप से झंडारोहण किया
स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप-10 में शामिल होने पर नगर निगम ने कर्मियों व सहयोगियों को किया सम्मानित
आगरा। नगर निगम द्वारा 79 वें स्वतंत्रता दिवस को गंदगी से शहर को आजाद करने के उत्सव के रूप में मनाया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने झंडारोहण किया। इस दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में टॉप-10 व प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करने पर नगर निगम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों, सफाई नायकों, कर्मचारियों व सहयोगी स्वयं सेवी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ जनसेवा में प्रयोग की जानेवाली मशीनों का रैली निकाल कर प्रदर्शन किया गया। रैली को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर निगम से शुरू हुई रैली एमजी रोड सहित शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी।
कार्यक्रम की शुरुआत दृष्टि बाधित मूक बधिर बच्चों और नगर निगम स्कूल की छात्राओं के राष्ट्रीय गान से हुई। महापौर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आगरा ने दिखा दिया है कि आगरावासी ठान लें तो वह कुछ भी कर सकते हैं। आगरा की जनता व नगर निगम आगरा ने 2023 में स्वच्छ सर्वेक्षण में 85 वां स्थान हासिल किया था। इसके एक साल बाद ही कर्मचारियों के अथक और सतत प्रयासों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में देश में दसवां मुकाम हासिल किया है। प्रदेश स्तर पर हम दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने कहा कि मैं इस सबका श्रेय अपने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों व सफाई नायकों को देती हूं लेकिन अभी हमारा लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है। स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर आने के लिए हमें और मेहनत करनी होगी।
इस दौरान महापौर व नगर आयुक्त द्वारा निगम के ब्रांड एंबेसडर उद्योगपति पूरन डाबर, हिमानी बुंदेला, सोनी त्रिपाठी सौरभ शर्मा अंजू दयालानी, डॉक्टर मनिंदर कौर और नितिन जौहरी, रेणुका डंग के स्थान पर उनकी पुत्री को सम्मानित किया गया। इसके अलावा नगर निगम के साथ काम करने वाले स्वयं सेवी संस्था सेकेंड चांस, इंडिया राइज, राबिन हुड आर्मी आदि को भी सम्मानित किया गया। नगर निगम स्कूल की छात्राओं ने राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात महापौर द्वारा छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान नगर निगम प्रांगण पार्क में प्रदर्शनी लगाकर वेस्ट टू वंडर के तहत बनाए गए उत्पादों, स्वच्छता मिशन,स्मार्ट सिटी होम कंपोस्टिंग,फ़ूड बैंक ,गाय के गोबर के उत्पाद आदि का प्रदर्शन किया गया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने प्रदर्शनी में लगाईं गई स्टाल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम का संचालन रेडियो जॉकी आध्या श्री ने किया।