आगरा.12.09.2024.आज जिलाधिकारी भानुचन्द्र गोस्वामी के निर्देश व जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर कृष्ण कुमार सिंह की सतत निगरानी में तहसील-सदर आगरा की राजस्व टीम द्वारा अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर अतिवृष्टि से हुई क्षति के दृष्टिगत तत्परता दिखाते हुए क्षति के 12 घण्टे के अंदर दैवीय आपदा के अंतर्गत सहायता उपलब्ध कराना प्रारम्भ कर दिया है।इस क्रम में रात्रि 09.00 बजे स्वयं तहसीलदार सदर अबिचल प्रताप सिंह व नायब तहसीलदार रजनीश रंधावा द्वारा रणवीर पुत्र तोताराम निवासी नगला शंकरलाल धनौली तहसील सदर जनपद आगरा को आज हुई अतिवृष्टि के कारण हुई आंशिक आवसीय मकान क्षति में शासनादेश के अनुसार अनुमन्य धनराशि 6500/-स्वीकृत कर प्रमाणपत्र उनके घर जाकर दिया गया तथा परिजनों से संवाद किया गया।इसके अतिरिक्त सम्पूर्ण तहसील क्षेत्र में अतिवृष्टि से राहत हेतु राजस्व टीम सतत रूप से भ्रमण कर रही है। जिलाधिकारी ने मौसम विभाग के अलर्ट के दृष्टिगत, लगातार हो रही वर्षा से नगर आयुक्त, जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों आदि को सावधानी व विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जनपद में वर्षा (अति वृष्टि) के कारण किसी भी आपदा राहत हेतु कन्ट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष नं० 0562- 2260550 एवं मोबाइल नं० 9458095419 पर सूचित कर आपदा राहत प्रबन्ध के अन्तर्गत सहायता प्राप्त की जा सकती है।