यमुना के बढ़ते जलस्तर पर नगर निगम अलर्ट, घाटों पर तैनात कर्मचारी कर रहे चौकसी

Press Release उत्तर प्रदेश

संभावित बाढ़ खतरे को देखते हुए सैंड बैग तैयार,  कंट्रोल रूम से हर घंटे की जा रही निगरानी

आगरा। यमुना नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित खतरे को भांपते हुए निगम ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। यमुना किनारे स्थित प्रमुख घाटों हाथी घाट, बल्केश्वर और दशहरा घाट पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर जलस्तर पर पैनी नजर रखी जा रही है।तैनात कर्मचारी हर घंटे यमुना के जलस्तर की जानकारी नगर निगम के कंट्रोल रूम को भेज रहे हैं। वहीं, मुख्यालय में बैठे निगम के अधिकारी भी कंट्रोल रूम से स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि घाटों पर दो-दो कर्मचारियों को शिफ्ट वाइज तैनात किया गया है, जो सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक यमुना के जलस्तर पर नजर रख रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निर्माण विभाग के अभियंता को भी आपात स्थिति में तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, यमुना का जलस्तर बढ़ने पर नालों के बैक मारने से उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए पहले से सैंड बैग तैयार कर लिए गए हैं। निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नगर निगम कंट्रोल रूम को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *