—–छत्ता जोन के वार्ड 15 में चला स्वच्छता जागरूकता अभियान, लोगों को सिखाया सेग्रीगेशन
आगरा। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और पर्यावरण को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को छत्ता जोन के वार्ड संख्या 15 अंतर्गत टील नन्द राम क्षेत्र में आईईसी गतिविधि के तहत डोर टू डोर जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
नगर निगम की टीम द्वारा क्षेत्र के रहवासियों को घर-घर जाकर कचरे के चार प्रकार के सोर्स सेग्रीगेशन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को बताया गया कि कचरे को सही ढंग से अलग-अलग न करने और खुले में फेंकने से पर्यावरण प्रदूषित होता है, जिससे मच्छर, मक्खी व अन्य रोगजनक जीव पनपते हैं और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। अभियान के दौरान नागरिकों को समझाया गया कि कचरे को गीला कूड़ा,सूखा कूड़ा,जैव अपशिष्ट कूड़ा और घरेलू हानिकारक कूड़ा की श्रेणी में बांटना जरूरी है। टीम ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, घरों के बाहर, बस्तियों और सड़कों पर कचरा न फैलाएं तथा नगर निगम की डोर टू डोर कलेक्शन व्यवस्था का सहयोग करें। साथ ही यह भी बताया गया कि सही तरीके से कचरे का निष्पादन करने से शहर स्वच्छ रहेगा और बीमारियों से बचाव संभव होगा।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम की पहल की सराहना की और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
