उत्तर मध्य रेलवे (उ.म.रे.) ने ट्रेनों में दिव्यांग (दिव्यांगजन) कोच का अवैध उपयोग करने वाले यात्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है । ज्ञात हो कि, उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा अवैध रूप से दिव्यांग कोच में अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वाले लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में वर्तमान वर्ष में जनवरी से नवंबर 2025 की अवधि में उत्तर मध्य रेलवे में कुल 624 मामले दर्ज किए गए । इसमें प्रयागराज मंडल में 253 मामले, झाँसी मंडल में 243 मामले और आगरा मंडल में 128 मामले दर्ज कर कार्यवाही की गई। इसमें 623 पुरुषों और 1 महिला के विरुद्ध कार्यवाही की गई। इसी क्रम में माह नवंबर 2025 में ही कुल 42 मामले दर्ज किए गए । इनमें से झाँसी मंडल में 22 मामले और आगरा मंडल में 20 मामले दर्ज हुए । नवंबर 2025 में गिरफ्तार किए गए पुरुषों की संख्या 42 थी ।
रेलवे आम जनता से अपील करता है कि वे दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित इन विशेष कोचों में अनाधिकृत रूप से प्रवेश न करें। यह सुविधा सभी ट्रेनों में उपलब्ध है । रेलवे ने स्पष्ट किया है कि दिव्यांग कोच केवल दिव्यांग यात्रियों के लिए ही आरक्षित हैं। इस नियम का उल्लंघन करने वाले अनाधिकृत व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस संदर्भ में किसी भी अनाधिकार चेष्टा के संबंध में अखिल भारतीय रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
