मण्डलायुक्त ने किया ध्वजारोहण, नगर निगम स्कूल के बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

Press Release

आगरा. 26/01/2025. मण्डल आयुक्त कार्यालय में आज 76वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मण्डल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके साथ ही सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर आयुक्त सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। नगर निगम इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा गणतंत्र और देशभक्ति से ओत प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

अपना उद्बोधन देते हुए मण्डल आयुक्त  शैलेंद्र कुमार सिंह ने सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज हम खुली हवा में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मना रहे हैं, इसके पीछे उन महापुरुषों का हाथ है जिन्होंने न केवल देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान दिया बल्कि इस देश की एकता व अखंडता बनाए रखने के लिए संविधान को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। मण्डल आयुक्त ने देश आजादी के समय और आज के समय के बीच अंतराल में देश में चहुँओर हुई प्रगति एवं विकास के बारे में विस्तार से बताया कि हमारा देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। बच्चे, महिलाएं और गरीब तबके के लोगों के उत्थान के लिए सरकार नई नई योजनाएं लागू कर रही हैं। घर घर में बिजली, पानी, राशन पहुँच रहा है लेकिन अभी भी देश की उन्नति और प्रगति के लिए बहुत कुछ करना बाकी है, जिसका भार देश की भावी पीढी बच्चे और युवाओं के कंधे पर है।मण्डल आयुक्त ने कहा कि हमें जाति, धर्म से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्रहित के लिए सोचना है। छोटी छोटी बातों का हमें ध्यान रखना है। हम सभी को जो दायित्व मिला है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाना है।

अपर आयुक्त श्रीमती कंचन शरन, अपर आयुक्त न्यायिक श्रीमती मंजूलता, उप आयुक्त खाद्य विनय कुमार,  चंद्रकांत मिश्रा एडवोकेट आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति देने वाले बच्चों को मण्डल आयुक्त  द्वारा पुरुस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन  गोविंद वर्मा  द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *