आलू का बाजार मूल्य बढ़ाये जाने की मांग

Press Release उत्तर प्रदेश

सेवा में,

श्रीमान मुख्यमंत्री, उत्तरप्रदेश सरकार लखनऊ

विषयः आलू का बाजार मूल्य बढ़ाये जाने की मांग, आलू भंडारण की दर घटायी जाए

महोदय,

निवेदन है कि सब्जी के राजा आलू की बेकदरी हो रही है। किसानों को आलू उत्पादन में लागत बहुत अधिक लगानी पड़ी है जबकि बाजार मूल्य बहुत कम है। ऐसा है जैसे कि ऊंट के मुंह में जीरा। इसके कारण आलू उत्पादक किसान भुखमरी के कगार पर पहुंचते जा रहे हैं। ऐसा केवल आगरा जनपद ही नहीं पूरे प्रदेश में है, जहां आलू उत्पादन होता है। सरकार द्वारा इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिये। आलू उत्पादक किसानों को सब्सिडी दी जाए। जिससे आलू किसानों को कुछ राहत मिल सके। महोदय निवेदन है कि आलू का बाजार मूल्य बढ़ाया जाए, जिससे किसानों को उनकी लागत का अच्छा मूल्य मिल सके। आज की तारीख में आलू किसान अपनी फसल का उत्तम कोटि का आलू 4 से 5 रुपये किलोग्राम बेच रहा है। जबकि इसके उत्पादन में लागत 10 रुपये किलोग्राम की बैठ रही है। ऊपर से किसान की हाड़तोड़ मेहनत अलग है।
महोदय हम आलू किसान अपनी फसल की और खुद की बेकदरी से सरकार और अफसरशाही को सैकड़ों नहीं हजारों बार अवगत करा चुके हैं। परंतु हमारी कोई सुनने वाला नहीं है। महोदय यही हाल रहा तो एक दिन ऐसा आएगा, कि किसान आलू पैदा करना ही छोड़ देंगे। इसलिये आलू किसानों को बचाना है तो आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया जाए। आगरा मंडल जैसे आलू उत्पादक क्षेत्र में आलू प्रसंस्करण इकाई लगायी जाएं। देशव्यापी फसल बेचने के लिये ट्रक से लेकर ट्रेन और हवाई सुविधा तक प्रदान की जाए। जिससे आगरा का आलू किसान कश्मीर से लेकर कन्या कुमारी तक कहीं भी अपनी फसल को अच्छे दामों पर बेच सके।
महोदय आलू उत्पादक किसानों को बचाना है तो बीज ,खाद से लेकर पेस्टीसाइड तक कम मूल्य पर उपलब्ध कराये जाएं। आलू भंडारण की दरें निर्धारित करने का अधिकार जो कोल्ड स्टोर स्वामियों को दिया गया है, उसे निरस्त कर शासन अपने हाथ में ले। साथ ही कोल्ड स्टोर मेें आलू भंडारण के लिये सरकारी छूट सीधे किसानों के खातों में दी जाए न कि शीतगृह स्वामियों को दी जाए। इससे आलू किसानों को कुछ हद तक राहत तो मिलेगी। माननीय से निवेदन है कि हमारी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए राहत दिलायी जाए। कृत कार्यवाही से हमें भी सूचित करने की कृपा करें।

निवेदनकर्ता

लक्ष्मीनरायन बघेल

प्रदेश महासचिव

ताज सिटी आगरा आलू उत्पादक समिति

मो. 9412810833

प्रदेश अध्यक्ष जाहर सिंह बघेल

दिनांक- 18.2.26

प्रतिलिपि- जिलाधिकारी आगरा और
मंडलायुक्त आगरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *