
—- लावारिस सामान जब्त, निर्माण सामग्री दुकानों के अंदर रखने की चेतावनी
आगरा । शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा ट्रांस यमुना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़कों के किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया तथा लावारिस सामान को प्रवर्तन दल ने जब्त कर लिया। कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने ट्रांस यमुना रोड पर दुकानों के बाहर रखे गए सामान, ठेले, काउंटर टीन शेड और अन्य अवैध कब्जों को हटवाया। कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाकर अतिक्रमण किया गया था, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी। अभियान के दौरान टीम ने सड़क पर पड़े लावारिस सामान को जब्त कर नगर निगम के वाहन में लाद लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन निगम प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली और अतिक्रमण हटाना पड़ा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा नुनिहाई रोड पर भी निगम की टीम ने निरीक्षण किया। यहां सड़क किनारे बालू, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री का खुले में कारोबार कर रहे दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। प्रवर्तन दल ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण सामग्री दुकानों के अंदर ही रखी जाए और सड़क या फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न किया जाए। यदि भविष्य में दोबारा सड़क पर सामान पाया गया तो जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
