
—– नालियों पर कब्जा और सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण तीन दिन में हटाये जाने की चेतावनी
आगरा। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बजीरपुरा पुरा क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की है। लंबे समय से चल रहे अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, वहीं नालियों के ऊपर चार-चार फुट तक कब्जा किए जाने से जल निकासी और सड़क के पुनः निर्माण में भी भारी परेशानी आ रही थी।
स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई घरों और दुकानों द्वारा नालियों व सड़क की सीमा में अवैध निर्माण कर लिया गया है। इस पर नगर निगम द्वारा सभी अतिक्रमणों पर लाल निशान लगाते हुए सात दिन के भीतर स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की स्थिति में बलपूर्वक हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिसका पूरा खर्च अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा। अतिक्रमण के चलते न केवल सफाई कार्य बाधित हो रहा था, बल्कि प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य में भी गंभीर अड़चनें सामने आ रही थीं। सफाई सुपरवाइजर की रिपोर्ट निगम अधिकारियों को दी गई थी।
नगर आयुक्त का वर्जन—-
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि शहर में किसी भी सूरत में अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नालियों और सड़कों पर किए गए कब्जे न केवल सफाई व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि विकास कार्यों में भी बाधा बनते हैं। संबंधित लोगों को तीन दिन का समय दिया गया है, इसके बाद नगर निगम स्वयं अतिक्रमण हटाएगा और कार्रवाई का खर्च भी अतिक्रमणकारियों से ही वसूला जाएगा।
