
आगरा। नगर निगम ने गुरुवार को ताजगंज क्षेत्र में अवैध होर्डिंग और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। ताजगंज जोनल कार्यालय से रमाडा होटल तक चले इस अभियान ने दुकानदारों में हड़कंप मचा दिया। निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान तीन दर्जन से अधिक अवैध होर्डिंग और सड़क किनारे फुटपाथ पर रखे काउंटर हटवा दिए।
अभियान के दौरान कई व्यापारियों ने सफाई देने की कोशिश की, लेकिन निगम अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्ज़ा किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर ही हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बुधवार को निरीक्षण के दौरान ताजगंज मार्ग पर अवैध होर्डिंगों और फुटपाथ कब्ज़े पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के क्रम में गुरुवार को सख्त कार्रवाई की गई।
निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और शहर की मुख्य सड़कों, पर्यटक मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में अवैध अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


