
सावधान, नगर निगम कचरे से कर रहा कूड़ा फेंकने वालों की पहचान
नियम तोड़ने पर ताजगंज स्थित होटल ग्रैंड मर्कयूर को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अब कचरे से ही उनकी पहचान करना शुरू कर दिया है। शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा बल्क वेस्ट जनरेटरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे कचरे का सेग्रीगेशन कर उसे नगर निगम द्वारा अधिकृत कंपनी को ही सौंपें। इसके बावजूद कुछ बड़े कूड़ा उत्पादक इन निर्देशों का उल्लंघन कर खुले स्थानों पर कचरा फेंक रहे हैं।
नगर निगम प्रशासन को ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही थीं कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालकर निगम के स्वच्छता अभियानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए अब फेंके गए कचरे की जांच कर संबंधित संस्थानों और व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को ताजगंज जोन के जेड एस ओ महेंद्र सिंह और एस एफ आई योगेंद्र कुशवाहा प्रवर्तन दल के साथ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान पर्यटक थाना के निकट कूड़े का बड़ा ढेर पाया गया। सफाई मित्रों के माध्यम से कचरे की जांच कराई गई तो उसमें होटल ग्रैंड मर्कयूर से संबंधित बटर पेपर, पैन, टी-डिपर सहित अन्य सामग्री पाई गई। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने होटल ग्रैंड मर्कयूर पहुंचकर प्रबंधक अजय राणा से बातचीत की। होटल प्रबंधन ने कूड़ा फेंकने से इनकार किया, जांच के दौरान होटल में लगी कंपोस्ट मशीन तो खराब थी ही कचरे का पृथक्करण भी नहीं किया जा रहा था। नगर निगम के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन किया जा रहा था।
इस पर नगर निगम प्रशासन ने होटल ग्रैंड मर्कयूर को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
—नगर आयुक्त का बयान:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि,“शहर की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बल्क वेस्ट जनरेटरों को स्पष्ट निर्देश हैं कि वे कचरे का पृथक्करण कर अधिकृत एजेंसी को ही दें। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों की पहचान अब कचरे से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्वच्छ आगरा के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।”
