— नियुक्त किया जाएगा केयरटेकर, नियमित होगी सफाई
—-प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की पेयजल व्यवस्था को लगेगा आर ओ प्लांट
— नगर आयुक्त और महापौर ने किया दोनों स्थानों का संयुक्त निरीक्षण
आगरा। सराय बेगा स्थित सामुदायिक भवन का नगर निगम कायाकल्प कराएगा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने आज यहां का संयुक्त निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये।
वार्ड 33 सराय बेगा स्थित सामुदायिक भवन की रखरखाव के अभाव में हालत खराब हो रही थी। केयर टेकर के न होने से से असमाजिक तत्व सामुदायिक भवन के मुख्य गेट, पंखे, लाइट और पेयजलापूर्ति को स्थापित कराये गये समर पंप का तार भी उखाड़ ले गये थे। दीवारों का प्लास्टर और पेंट भी खराब हो रहा था। इस पर नगरायुक्त ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिये कि सामुदायिक केंद्र पर स्थाई रुप से केयर टेकर रखा जाए। अभी तक सामदुायिक भवन परिसर की सप्ताह में एक दिन सफाई होती थी उसे नियमित करने के निर्देश दिये गये। इसके अलावा संपर्क मार्ग को दुरुस्त करते हुए परिसर में महिला व पुरुष टॉयलेट बनाने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिये। मेयर ने यहां पर स्थित प्राचीन कुंए की सफाई कराने के निर्देश दिये। इसके बाद दोनों लोगों ने पास ही स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर बच्चों के लिए आर ओ प्लांट लगाकर पेयजल व्यवस्था करने और विद्यालय के चारों ओर स्थित बाउंडीवाल पर टिनशेड लगाये जाने को भी निर्देशित किया गया जिससे बच्चे धूप से बच सकें। निरीक्षण के दौरान अधिषासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, क्षेत्रीय एस एफ आई संजीव यादव भी उपस्थित रहे।


