मुख्यमंत्री योगी ने आगरा मेट्रो के हाई स्पीड ट्रायल का किया शुभारम्भ

Press Release उत्तर प्रदेश दिल्ली/ NCR स्थानीय समाचार
आगरा, 26 जुलाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने आज सायं यहां आगरा मेट्रो की हाई स्पीड ट्रेन के ट्रायल का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन पर किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा अमूल्य विरासत और संस्कृति वाला ऐतिहासिक शहर है। देश के अंदर उत्तर प्रदेश में ही सबसे अधिक शहरों में मेट्रो सेवाएं चल रही हैं। आगरा भी भविष्य में एक मेट्रो शहर के रूप में उभरेगा जिससे रोजगार के भरपूर अवसर पैदा होंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और विश्व मानचित्र पर शहर की छवि और भी उज्ज्वल होगी।

उन्होंने कहा कि यूपीएमआरसी अपने निर्धारित समय से छह महीने पहले इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम अगस्त 2024 के लिए चिह्नित है और यूपीएमआरसी की टीम फरवरी 2024 तक परियोजना को निष्पादित करने की योजना बना रही है। फरवरी 2024 तक आगरा के लोगों के लिए मेट्रो सेवाएं चालू हो जाएंगी।

गौरतलब है कि आगरा मेट्रो डिपो में पहले से ही मेट्रो का लो स्पीड ट्रायल किया जा रहा था। अब, मेट्रो ट्रेनों का हाई स्पीड ट्रायल तीन एलिवेटेड स्टेशनों वाले तीन किमी लंबे एलिवेटेड वायाडक्ट पर शुरू होगा, जो छह किमी लंबे पहले कॉरिडोर के प्रॉयरिटी सेक्शन (ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन से जामा मस्जिद तक) का एक हिस्सा है।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, धर्मवीर प्रजापति, विधायक डा जीएस धर्मेश, चौधरी बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह और यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *