आगरा, 24 सितंबर। थाना न्यू आगरा के अंतर्गत दयालबाग में रविवार को बड़ा बवाल हो गया। यहां सरकारी जमीन पर से अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस पर राधास्वामी सत्संग सभा के सत्संगियों ने हमला कर दिया। हजारों की संख्या में जुटे सत्संगियों ने पुलिस को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस ने सत्संगियों को भगाने के लिए लाठीचार्ज किया। इस पर सत्संगी पथराव करने लगे, जिसमें डीसीपी और एसीपी समेत करीब 20 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घटना का कवरेज करने पहुंचे कई मीडियाकर्मी भी चोटिल हुए हैं। घायलों में सात-आठ सत्संगी भी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन फिलहाल शांति के मार्ग पर लौट आया है। लेकिन सत्संगियों की आक्रामकता को देखकर जिला प्रशासन बैकफुट पर नहीं आया है। अब पूरी रणनीति बनाकर दो-चार दिन बाद पूरी तैयारी के साथ प्रशासन कार्रवाई करने के मूड में आ गया है। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के साथ ही मंडलायुक्त द्वारा भी मामले में पूरा दखल दिया जा रहा है। अब उनके स्तर से भी सख्त कार्रवाई किये जाने की संभावना जतायी जा रही है।


रविवार को सत्संगियों की भीड़ को देखते हुए और अधिक फोर्स बुलाई गई। बच्चे और महिलाएं भी छतों से पुलिस पर पत्थर फेंक रहे थे। पुलिस-प्रशासन और सत्संगियों के बीच शनिवार से ही तनाव का माहौल बना हुआ है। जैसे ही रात हो रही है कि पुलिस की दिक्कत बढ़ रही है और फोर्स आने का इंतजार किया जा रहा था।दरअसल, शनिवार को प्रशासन ने सरकारी भूमि और रास्तों पर किए गए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया था। इसके बाद सभा ने गेट लगा दिया था। प्रशासन ने उसे फिर तोड़ा और गेट भी अपने साथ ले गए। इसके बाद प्रशासन को उम्मीद थी कि अब गेट नहीं लगेगा। लेकिन कुछ घंटे बाद ही रात में सत्संग सभा ने फिर से गेट लगा दिया। इसके बाद राजस्व विभाग की ओर से सत्संग सभा के सदस्यों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। इसमें 12 लोगों को नामजद किया गया।
इसी के चलते फोर्स फिर से अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। पीएसी और बड़ी संख्या में सत्संगी भी मौके पर पहुंचे। इनमें महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल रहे। इसके बाद फोर्स के सामने राधा स्वामियों ने डंडों के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सत्संगियों ने चारों तरफ से पुलिस को घेर लिया। साथ ही पथराव भी किया। उनकी ओर की महिलाएं बुलडोजर पर चढ़ गई। इसके बाद पुलिस ने लाठियां चलाना शुरू किया। दोनों ओर से बड़े टकराव के हालात बने गये। पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर डटे हुए थे। जब शाम हो गयी तो उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस और राजस्वकर्मी वापस लौट आये।
किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजे जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि भूमाफिया राधा स्वामी सत्संग सभा ने जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ सारी हद पार कर दी ।मारपीट की ।जिसमें पुलिस कर्मियों के साथ ही मीडिया बंधु केचोट आई है। किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने कहा कि किसान अन्याय सहन नहीं करेगा ।बवालियो पर देश द्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज कर सारी जमीन को खाली कराया जाए।