आगरा। मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में दिनांक 22 मई से 5 जून 2025 तक “विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन” (प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें) निर्धारित की गई है। दिनांक 25.05.2025 को उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स आगरा मंडल के जिला मुख्य आयुक्त/अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं जिला आयुक्त (एडल्ट रिसोर्स)/ वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, आगरा के निर्देशन में विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण केंद्र, मथुरा, आगरा मंडल में प्लास्टिक पॉल्यूशन अवेयरनेस सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसमें मथुरा ग्रुप के स्काउट्स एवं गाइड्स को प्लास्टिक पॉल्यूशन विषय पर जानकारी एवं जागरूक किया गया साथ ही किस प्रकार से प्लास्टिक पॉल्यूशन से बचाव हेतु स्काउट्स एवं गाइड्स की महत्वपूर्ण भूमिका व योगदान पर जानकारी दी गई। इसी क्रम में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स को प्लास्टिक री-यूज का टास्क दिया गया। जिसके तहत उनके द्वारा यूज्ड प्लास्टिक बोतलों का उपयोग कर टास्क पूर्ण किया गया।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य केवल स्टेशन परिसरों को प्लास्टिक मुक्त बनाना ही नहीं, बल्कि यात्रियों और आमजन में हरित सोच का विस्तार करना भी है। आगरा मंडल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है कि जनभागीदारी से पर्यावरण की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
