—–आवास योजना में पैसे की मांग करने वालों पर सख्त कार्रवाई, जनसुनवाई में हुआ खुलासा
आगरा। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत लाभ दिलाने के नाम पर अवैध रूप से पैसे की मांग किए जाने के एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। यह जानकारी अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को आयोजित संभव जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल को दूरभाष के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि यमुनापार क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ दिलाने के एवज में आवेदकों से धनराशि की मांग की जा रही है।
नगर आयुक्त ने शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रकरण की प्राथमिक जांच के लिए अपर नगर आयुक्त/परियोजना अधिकारी शिशिर कुमार को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया । मौके पर की गई जांच में शिकायत सत्य पाए जाने पर रामबाग निवासी अमित व संजय के विरुद्ध थाना ट्रांस यमुना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 पूर्णतः निशुल्क योजना है और इसके अंतर्गत किसी भी स्तर पर कोई शुल्क या धनराशि नहीं ली जाती। यदि कोई व्यक्ति योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो वह अवैध है और उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त ने आमजन से अपील की कि यदि किसी को भी इस प्रकार की शिकायत हो, तो वे तुरंत अपने क्षेत्रीय थाने में या अपर नगर आयुक्त/परियोजना अधिकारी—डूडा, आगरा के दूरभाष संख्या 9151999101 पर इसकी सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम प्रशासन पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


