
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को बांटे गए स्वीकृति पत्र, कैबिनेट मंत्री रहे मौजूद
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी/ग्रामीण) के अंतर्गत प्रदेश के करीब 2 लाख लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। इसमें जनपद आगरा के 3828 पात्र लाभार्थी भी शामिल रहे, जिनके खातों में भी पहली किस्त की राशि पहुंची।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह तथा विधायक एत्मादपुर धर्मपाल सिंह ने उपस्थित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर अपने पक्के घर का सपना साकार होने की खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा एवं नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित, स्थायी और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि से लाभार्थी अपने घर का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कर सकेंगे।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब, श्रमिक और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। वहीं महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि आगरा में किसी भी पात्र व्यक्ति को आवास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली किस्त मिलने से अब उनके पक्के घर का सपना जल्द ही साकार होगा।
