बृजभूषण शरण को बड़ा झटका: खेल मंत्रालय ने WFI को निलंबित किया

SPORTS उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

नई दिल्ली। बृजभूषण शरण को बड़ा झटका लगा है। भारतीय खेल मंत्रालय ने  नवनियुक्त भारतीय कुश्ती संघ को निलंबित कर दिया है। माना जा रहा है कि खिलाड़ियों के विरोध के कारण मंत्रालय ने यह फैसला लिया है।पहलवानों के विरोध के बाद भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को कुश्ती संघ के अध्यक्ष के पद से हटा दिया था। उसके बाद चुनाव हुआ और बृजभूषण के ही करीबी संजय सिंह चुनाव जीत गए। जिसके बाद बृजभूषण ने पोस्ट किया था कि दबदबा था और दबदबा रहेगा।
इसके बाद पहलवान साक्षी मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुश्ती छोड़ने का एलान कर दिया था। अगले दिन बजंरग पूनिया ने पद्म श्री लौटा दिया था। उनके अलावा हरियाणा के पैरा एथलीट वीरेंद्र सिंह ने पद्म श्री लौटाने का एलान कर दिया था।
कुश्ती संघ को निलंबित किए जाने पर बजरंग पूनिया ने कहा, ”यह सही निर्णय लिया गया है। जो हमारी बहन-बेटियों के साथ अत्याचार हो रहा है उसके खिलाफ संबंधित लोगों को पूरी तरह से हटाया जाना चाहिए। हमारे ऊपर कई इल्जाम लगाए गए। राजनीति की गई।”उन्होंने कहा “जब हम पदक जीतते हैं तो देश के होते हैं। हम खिलाड़ी कभी भी जात-पात नहीं देखते। एक साथ एक थाली में खाते हैं। जो संघ बनाई जाती है वह खिलाड़ियों की मदद के लिए बनाई जाती है, परेशान करने के लिए नहीं। हम निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं। बृजभूषण ने हर राज्य में अपने लोग रखे हैं।”
उन्होंने कहा “हम किसी तरह राजनीति से नहीं जुड़े थे। विपक्ष ने हमारा साथ दिया। हमने सरकार के लोगों को भी कहा था साथ देने के लिए। किसी ने तब साथ नहीं दिया। महिला सांसदों को खत भी लिखा था, लेकिन किसी ने साथ नहीं दिया। लड़कियों ने हिम्मत जुटाई।” खेल मंत्रालय बजरंग पूनिया से पद्मश्री पुरस्कार नहीं लौटाने के लिए भी अपील करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *