झूलेलाल जयंती से पहले जोश से गूंजा आगरा, सिंधी समाज की भव्य दोपहिया रैली ने दिया निमंत्रण

Press Release उत्तर प्रदेश

कमला नगर के सिंधु भवन से शुरू हुई रैली का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत

आगरा। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल की जयंती (चेटीचंड पर्व) 18 मार्च को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में रविवार को सिंधी सेंट्रल पंचायत के निर्देशन में विशाल दोपहिया वाहन आमंत्रण रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से शहरवासियों को 18 मार्च को निकलने वाली भव्य झूलेलाल जयंती शोभायात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।
रविवार सुबह 9:30 बजे कमला नगर स्थित एफ-42 सिंधु भवन से रैली का शुभारंभ हुआ। सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी और समाज सेवी रोची राम नागरानी नें नारियल फोड़कर रैली को रवाना किया। जैसे ही रैली आगे बढ़ी, पूरे मार्ग पर “जय झूलेलाल” के जयकारों और भक्तिमय भजनों से वातावरण गूंज उठा।
रैली बल्केश्वर, कृष्णा कॉलोनी, बेलनगंज, जीवनी मंडी, काला महल, पीपल मंडी, दरेसी नंबर-1, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, फुब्बारा, सिंधी बाजार, गुड़ की मंडी, फुलट्टी, घटिया आजम खां, हरिपर्वत चौराहा, मदिया कटरा, लोहामंडी और शाहगंज बाजार से होती हुई मड़ी शाहगंज में जाकर संपन्न हुई।
रैली में समाज के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं का उत्साह रैली की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आया। बड़ी संख्या में युवाओं ने दोपहिया वाहनों पर झूलेलाल के जयकारों के साथ पूरे मार्ग में ऊर्जा और जोश का माहौल बनाए रखा। वहीं समाज की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए रैली को भक्ति और उत्सव का रंग दिया। उनकी सक्रिय उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि सिंधी समाज की परंपराओं और आस्था को आगे बढ़ाने में नई पीढ़ी और मातृशक्ति दोनों समान रूप से समर्पित हैं।
आयोजन समिति और विभिन्न मोहल्ला पंचायतों के पदाधिकारियों ने पूरे मार्ग में लोगों में उत्साह का संचार किया। करीब 40 स्थानों पर समाज के लोगों ने रैली का जोरदार स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर श्रद्धा प्रकट की। जगह-जगह लोगों ने रैली में शामिल श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए “जय झूलेलाल” के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
झूलेलाल जयंती सिंधी समाज के लिए आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक पर्व है। आमंत्रण रैली के माध्यम से पूरे शहर में उत्सव का माहौल बन गया है। समाज के लोगों ने शहरवासियों से 18 मार्च को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल होकर भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद लेने की अपील की है। जिसमें चद्र प्रकाश सोनी, हेमंत भोजवानी घनश्याम दास देवनानी, परमानन्द अतवानी,जयराम दास होतचंदानी, नन्दलाल आयलानी, श्याम लाल रंगनानी, एस के वीरानी, श्याम भोजवानी, मेघराज दियालानी,,जगदीश डोडानी, दौलत खूबनानी, जेठानन्द पुरसनानी, भोजराज लालवानी, जितेंद्र त्रिलोकानी , अशोक पारवानी, राजीव नागरानी,प्रदीप बनवारी,पुरुषोत्तम लछवानी, भजन लाल,लालचंद मोटवानी, कन्हैया लाल मानवानी, नरेश लख्वानी, अनूप् भोजवानी, नानक राम मानवानी महेश सोनी, मनोहर लाल हंस,हरीश मोटवानी, राज कोठारी, कमल जुमानी, मोंटू करीरा, काँहिया सोनी, दौलत राम मोड़वानी, तरुण जुमानी, हरीश तहल्यानी,भीष्म लालवानी, महेश नारायणी, मुकेश साहनी, आदि मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *