ओलावृष्टि प्रभावित किसानों का समयबद्ध सर्वे कर मुआवजा सुनिश्चित करें: बेबी रानी मौर्य

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। जनपद में हाल ही में हुई ओलावृष्टि एवं असमय बारिश से फसलों को हुए नुकसान के मद्देनज़र प्रदेश सरकार ने राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को सर्किट हाउस में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी के साथ समीक्षा बैठक कर स्थिति का जायजा लिया।
बैठक में मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का समयबद्ध और पारदर्शी सर्वे कराया जाए, ताकि किसानों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन करते हुए किसानों को अधिकतम बाजार मूल्य के आधार पर मुआवजा प्रदान किया जाए। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी खरीद केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए किसानों की उपज की तत्काल खरीद कराई जाए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंत्री ने बीमा कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर किसान क्रेडिट कार्ड धारकों के मामलों का भी सर्वे कराते हुए उनके दावों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि अन्नदाता किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और नियमित निगरानी कर राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का शीघ्र एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *