चाची ने भतीजे को करंट देकर मार डाला, पति का लाड़-दुलार पसंद नहीं था  

Crime उत्तर प्रदेश

आगरा, 13 जनवरी। नौ साल के उस बच्चे को नहीं मालूम होगा कि जिस महिला को वह चाची कहकर बुलाता है, वही उसकी जान ले लेगी। एक महिला ने इस बच्चे की महज इसीलिए जान ले ली क्योंकि उसका पति अपने भतीजे पर कुछ ज्यादा ही लाड़ जताता था। पत्नी इससे कुढ़ती थी और मौका पाकर उसने मासूम की जान ले ली। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।

यह ह्रदय विदारक वारदात जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के प्रेम नगर की पूजा वाली गली में हुई। यहां रमेश और उसका छोटा भाई वीर सिंह एक ही मकान में रहते हैं। रमेश ग्राउंड फ्लोर पर जबकि पहली मंजिल पर छोटे भाई वीर सिंह का परिवार रहता है। इन दोनों के सबसे बड़ा भाई भी पास में ही रहता है। शनिवार दोपहर में रमेश का इकलौता बेटा आरव छत पर पतंग उड़ाने गया हुआ था। काफी देर तक न लौटने पर आरव नहीं लौटा तो रमेश की की पत्नी और बेटी उसे देखने गए। आरव वहां नहीं दिखा तो भाई वीर सिंह की पत्नी से पूछा तो उसने उसने अज्ञानता प्रकट कर दी।

रमेश और उसकी पत्नी को लगा कि आरव शायद घर से बाहर खेलने चला गया होगा। शाम करीब चार बजे सबसे बड़े भाई का बेटा विशाल आरव को तलाशता हुआ छत पर गया। छत पर वीर सिंह का बाथरूम है जो आधा खुला हुआ था। आरव को तलाशते हुए विशाल को बाथरूम में आरव के पैर दिखाई दिए। वह अंदर गया तो आरव दीवार के सहारे फर्श पर बैठने वाली अवस्था में पड़ा था। आरव को इस हालत में देख विशाल चीखने लगा।

विशाल की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे तो देखा कि आरव निर्जीव हालत में था। परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने आरव को मृत घोषित कर दिया। नौ साल के मासूम की मौत इस परिवार पर वज्रपात समान थी। मां और पिता तो दहाड़ें मारकर रोने लगे। इस दौरान रमेश ने आरोप लगाया कि भाई वीर सिंह की पत्नी ने उनके बच्चे की हत्या की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया तो उसमें मौत की वजह करंट से होना आया। इसके बाद रमेश का शक और गहरा गया क्योंकि जहां पर बच्चे का शव मिला, वहां पर बिजली का कोई भी स्विच और बोर्ड नहीं है। रमेश ने भाई की पत्नी के खिलाफ पुलिस में तहरीर दे दी। पुलिस ने वीर सिंह की पत्नी जो मृत बालक की चाची लगती है, से पूछताछ की तो उसने करंट से आरव को मारने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने चाची को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्ता के कोई संतान नहीं है। ऐसे में उसके पति वीर सिंह अपने भतीजे आरव को बहुत प्यार करते थे और उस पर बहुत खर्च भी किया करते थे। पत्नी को इससे जलन होती थी, इसीलिए उसने एक मासूम बच्चे को करंट लगाकर मार डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *