नये भारतीय हाकी कोच के समक्ष एशियाड और ओलंपिक की दोहरी चुनौती- जगबीर सिंह

SPORTS उत्तर प्रदेश उत्तराखंड दिल्ली/ NCR पंजाब मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान स्थानीय समाचार हरियाणा हिमाचल प्रदेश

एलएस बघेल, आगरा, 4 मार्च। नवनियुक्त भारतीय हाकी टीम के कोच क्रेग फुल्टन के समक्ष दोहरी चुनौती है। उन्हें इसी साल चीन में होने जा रहे एशियाई खेलों में जहां भारतीय हाकी टीम को जिताने की चुनौती है, वहीं गत टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हाकी टीम को एक नई ऊंचाई तक ले जाने की भी चुनौती है। वैसे माना जाता है कि दक्षिण अफ्रीकी कोच के पास कोचिंग का लंबा अनुभव है। वे आयरलैंड की टीम को पहली बार ओलंपिक में खिला चुके हैं तो वहीं बेल्जियम के सहायक कोच रहते हुए वे  2018 में विश्व कप और 2020 में ओलंपिक पदक जिता चुके हैं।

क्रेग फुल्टन

हाल ही में उड़ीसा में हुए विश्व कप में भारतीय हाकी टीम के खराब प्रदर्शन के चलते तत्कालीन कोच को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद भारतीय हाकी संघ द्वारा नये कोच के रूप में दक्षिण अफ्रीकी दो ओलंपिक और विश्व कप खेले क्रेग फुल्टन को भारतीय हाकी टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर भारतीय हाकी टीम  के ओब्जर्वर एवं ओलंपियन जगबीर सिंह ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही कहा है कि 2002 के विश्व कप में तथा 2004 के ओलंपिक में मैंने तो उन्हें खेलते हुए देखा है। साथ ही वे कहते हैं कि नये कोच के समक्ष चुनौतियां भी बहुत हैं। इसी साल सितंबर में चीन में एशियाई खेल होने जा रहे हैं। जिसमें भारतीय हाकी टीम को जिताने की चुनौती है। भारतीय टीम एशियाई खेलों की विजेता बनेगी, तभी आगामी ओलंपिक में प्रवेश मिलेगा। अन्यथा क्वालीफाइंग राउंड से गुजरना पड़ेगा।  दूसरी ओर अगले साल यानी कि 2024 में पेरिस में ओलंपिक खेल होने जा रहे हैं। भारतीय हाकी टीम ने 2020 के ओलंपिक खेल जो कि 2021 में टोक्यों में हुए थे, उनमें लंबे समय बाद कांस्य पदक जीता था। इसलिये भारतीय हाकी प्रेमियों को 2024 के पेरिस ओलंपिक खेलों में पदक से कम कुछ भी मंजूर नहीं होगा। नये कोच को भारतीय हाकी प्रेमियों की उम्मीदों पर खरे उतरना है।
ओलंपियन जगबीर सिंह का कहना है कि वर्ष 2010 से भारतीय हाकी का एक स्तर कायम हो गया है। वह दुनियां की टाप फाइव टीमों में शामिल हो गयी हैं। टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत जाने के बाद से तो लोगों की उम्मीदें बहुत बढ़ गयी हैं। उड़ीसा में हुए वर्ल्ड कप में भारतीय हाकी टीम के खराब प्रदर्शन के बाद अब नये कोच को भारतीय हाकी टीम की अटैकिंग वाली रणनीति में पैनापन लाना होगा। पैनल्टी कार्नर को गोल में बदलने की रेट बढ़ाने की आवश्यकता है। हमारा मकसद केवल गोल करना होना चाहिए।
क्रेग फुल्टन के बारे में उन्होंने बताया कि 2015 में अंतरराष्ट्रीय हाकी संघ द्वारा फुल्टन को बेस्ट कोच का खिताब  दिया जा चुका है। इससे पहले वे आयरलैंड के कोच रहे थे और आयरलैंड को पहली बार ओलंपिक में खेलने का अवसर दिलाया। बेल्जियम  को तो विश्व कप और ओलंपिक की जीत के समय वे उनकी टीम के सहायक कोच रहे हैं। जगबीर सिंह कहते हैं कि फुल्टन काबिल कोच हैं। बिल्कुल नई सोच के साथ वह भारत आ रहे हैं। तकनीकी रूप से भी वह मजबूत  हैं। जगबीर सिंह ने नये कोच को अपनी शुभकामनाएं दीं।साथ ही कहा, मैं उम्मीद करता हूं कि उनके नेतृत्व में भारतीय हाकी नई ऊंचाई छूए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *