14 जुलाई से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा में आयोजित सेना भर्ती रैली हुई सम्पन्न

Press Release उत्तर प्रदेश दिल्ली/ NCR

सेना भर्ती कार्यालय आगरा द्वारा आयोजित सेना भर्ती रैली को तीन चरणों में किया गया था विभाजित।

सेना एवं नागरिक प्रशासन के समन्वय से भर्ती रैली का किया गया सफल आयोजन

आगरा.01.08.2024/एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा कैंट में 14 जुलाई 2024 से शुरू हुई सेना भर्ती रैली आज संपन्न हो गई। यह जानकारी निदेशक, कर्नल रिश्मा सरीन ने देते हुए बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर कार्यालय सहायक, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं) श्रेणी, सैनिक तकनीकी (नर्सिंग असिस्टंट) और सिपाही फार्मा के पद के लिए शारीरिक और चिकित्सा परीक्षण के आयोजन के साथ सेना भर्ती रैली समाप्त हुई। उन्होंने आगे यह भी बताया कि लगभग तीन सप्ताह तक चली इस भर्ती रैली में 12,000 से अधिक उत्साही प्रतिभागियों ने एकलव्य स्टेडियम, आगरा कैंट में 1.6 किलोमीटर की दौड़, शारीरिक दक्षता परीक्षण और चिकित्सा परीक्षाओं में भाग लिया। ऑनलाइन सीईई परीक्षा में मेरिट सूची में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को भर्ती के अगले चरण यानी शारीरिक और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया था।
सेना भर्ती कार्यालय आगरा द्वारा आयोजित इस वर्ष की भर्ती रैली को तीन चरणों में विभाजित किया गया था। पहले चरण में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर ऑफिस असिस्टेंट, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं) के लिए सेना भर्ती कार्यालय आगरा के अन्तर्गत आने वाले बारह जिलों आगरा, अलीगढ़, इटावा, एटा, फिरोजाबाद, हाथरस, जालौन, झाँसी, कासगंज, ललितपुर, मैनपुरी और मथुरा से अभ्यर्थियों को बुलाया गया दूसरे और तीसरे चरण में, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं को सैनिक तकनीकी (नर्सिंग सहायक) और सिपाही फार्मा के पदों की श्रेणी में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला।
निदेशक, कर्नल ने आगे यह भी बताया है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान, चीफ ऑफ स्टाफ, मुख्यालय मध्य कमान, लखनऊ और मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, लखनऊ से वरिष्ठ सेना अधिकारी सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने दौरा किया और पूरी भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की। नागरिक प्रशासन की ओर से पुलिस और अन्य सेवाएँ जिला मजिस्ट्रेट, आगरा श्री भानु चंद्र गोस्वामी की नोडल जिम्मेदारी के तहत प्रदान की गईं। भर्ती मैदान तक आने-जाने की सुविधा का ख्याल जिला प्रशासन द्वारा रखा गया था। सेना एवं नागरिक प्रशासन के समन्वय से इस भर्ती रैली का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश की आगामी भर्ती रैली वाराणसी, मेरठ, लखनऊ और फतेहगढ़ में आयोजित की जाएंगी, जिनका विवरण भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinIndianarmy.nic.in पर उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *