जेसीबी रोकने की कोशिश नाकाम — पुलिस व प्रवर्तन दल की कड़ी सुरक्षा में अतिक्रमण हटाया गया
आगरा। बूढ़ी का नगला दयालबाग स्थित पुष्पांजलि बाग में सोमवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। क्षेत्र के लोगों के भारी विरोध-प्रदर्शन के बीच प्रवर्तन दल ने तीन दर्जन से अधिक घरों के आगे बनाए गए चबूतरे और रैंप जेसीबी से ध्वस्त करा दिए। निगम की कार्रवाई कई घंटों तक जारी रही।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानीय निवासी जेसीबी के आगे खड़े होकर कार्रवाई रुकवाने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पुलिस और प्रवर्तन दल की सख़्ती के कारण विरोध बेअसर साबित हुआ। मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने लोगों को हटाया और अतिक्रमण हटाने का कार्य बिना रुकावट जारी रखा। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में दो दिन पूर्व भी अभियान चलाया गया था। उस समय स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम पर पक्षपात के आरोप लगाते हुए कार्रवाई पर आपत्ति जताई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए निगम ने सोमवार को फिर अभियान चलाकर सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करा दिया।
अभियान के दौरान अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता, एवं जेड ओ अवधेश कुमार टीम के साथ मौजूद रहे। निगम अधिकारियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा था तथा कई बार शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद चिह्नीकरण के उपरांत यह कार्रवाई की गई। लोगों के विरोध और तनावपूर्ण माहौल के बावजूद नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर के किसी भी हिस्से में सार्वजनिक मार्गों पर कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
