—– रंगाई-पुताई, मरम्मत और लाइटिंग के लिए निविदाओं को मंजूरी
—- सभी ठेकेदारों को शीघ्रातिशीघ्र काम शुरू करने के निर्देश
आगरा। आगामी अंबेडकर जयंती को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शहर में स्थित सभी अंबेडकर वाटिकाओं को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य शुरू कराए जा रहे हैं। इसके तहत वाटिकाओं की रंगाई-पुताई, मरम्मत और लाइटिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
नगर निगम द्वारा इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से आज लगभग आठ लाख रुपये की निविदाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि अंबेडकर जयंती से पूर्व सभी वाटिकाएं पूरी तरह से सुसज्जित और साफ-सुथरी नजर आएं, जिससे श्रद्धालुओं और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि सभी संबंधित ठेकेदारों को तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
नगर निगम प्रशासन का विशेष ध्यान वाटिकाओं में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी है, जिससे रात्रि के समय भी श्रद्धांजलि अर्पित करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
——- नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि अंबेडकर जयंती के मद्देनजर शहर की सभी अंबेडकर वाटिकाओं को बेहतर स्थिति में लाने के निर्देश दिए गए हैं। “हमारी प्राथमिकता है कि सभी स्थल स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक दिखें। इसके लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कर काम शुरू कराने के साथ ही अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं ताकि समय से पहले सभी कार्य पूर्ण हो सकें।”


